Search

Loading

मंगलवार, 13 जनवरी 2026

दादागुरु जिनदत्त सूरी: सामाजिक पुनर्निर्माण के शिल्पकार


आध्यात्मिक शक्ति से सामाजिक संरचना तक

भारतीय इतिहास में कुछ व्यक्तित्व ऐसे होते हैं, जिनका प्रभाव केवल धर्म या दर्शन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वे समाज, संस्कृति और राजनीति की गहरी संरचनाओं को भी रूपांतरित कर देते हैं। श्वेताम्बर खरतरगच्छ परंपरा के महान आचार्य जिनदत्त सूरी ऐसे ही एक व्यक्तित्व हैं, जिनकी भूमिका ग्यारहवीं–बारहवीं शताब्दी (1075–1154) के राजस्थान और गुजरात के सामाजिक–सांस्कृतिक पुनर्गठन में निर्णायक रही। उनका जन्म गुजरात के धवलक्कपुर (धौलका) में हुआ तथा उनका कार्यक्षेत्र मुख्यतः गुजरात कि तत्कालीन राजधानी अणहिलपुर पाटन से राजस्थान एवं मालव प्रदेश तक विस्तृत रहा।

दादागुरु: प्राचीन प्रतिमा  


दादागुरु आचार्य जिनदत्त सूरी — पश्चिमी भारत के सामाजिक पुनर्निर्माण के शिल्पकार

अजमेर के चाहमान (चौहान) वंशीय राजा अर्नोराज—जो अंतिम हिन्दू सम्राट पृथ्वीराज चौहान के दादा थे—तथा वर्तमान करौली जिले में स्थित त्रिभुवनगिरि (तिम्मणगढ़) के महाराजा कुमारपाल उनके प्रमुख अनुयायी बने।

जैन परंपरा में दादागुरु के रूप में पूजित आचार्य जिनदत्त सूरी की तुलना प्रायः शैव परंपरा में आदि शंकराचार्य अथवा गुजरात में आचार्य हेमचंद्र जैसे महापुरुषों से की जाती है। किंतु जहाँ हेमचंद्र मुख्यतः राजदरबार के भीतर दर्शन और नीति के मार्गदर्शक रहे, वहीं जिनदत्त सूरी ने समाज के आधारभूत ढाँचे—गृहस्थ जीवन, व्यापारी नैतिकता, गोत्र-व्यवस्था और सामुदायिक संगठन—को सुदृढ़ करने का व्यापक कार्य किया।

१२वीं शताब्दी के वेदांती आचार्य माधवाचार्य विद्यारण्य ने अपने ‘सर्वदर्शन-संग्रह’ में जिनदत्त सूरी का उल्लेख अपने समय के महान आचार्यों में किया है—यह उनकी सम्प्रदायातीत स्वीकृति का महत्वपूर्ण प्रमाण है। कुछ इतिहासकार इसे अन्य किसी दत्त सूरी से जोड़ते हैं, इस सम्बन्ध में शोध की आवश्यकता है.  

संक्रमण का काल और अवसर

आचार्य जिनदत्त सूरी का समय पश्चिमी भारत के इतिहास में बड़े परिवर्तनों का युग था। परमार सत्ता का अवसान, गुजरात में सोलंकी (चौलुक्य) वंश का सुदृढ़ीकरण और राजस्थान में विभिन्न राजपूत वंशों के बीच सत्ता का पुनर्विन्यास—इन सबके बीच समाज को स्थिरता और नैतिक दिशा की आवश्यकता थी।

राजपूत उत्तराधिकार व्यवस्था के कारण अनेक राजकुमार एवं परिवारजन शासन से वंचित रह जाते थे। यह वर्ग असंतोष और संघर्ष का संभावित स्रोत था। जिनदत्त सूरी ने इस स्थिति को एक अवसर में बदला। उन्होंने इन राजकुमारों और अभिजात वर्ग को जैन गृहस्थ जीवन, व्यापार और नैतिक आचार की ओर उन्मुख किया। इन्हीं लोगों ने आगे चलकर श्रावक बनकर मंत्री, सेनापति, दीवान और नगर-सेठ के रूप में राजपूत राज्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महाराणा प्रताप के मंत्री और सेनापति भामाशाह इसका प्रसिद्ध उदाहरण हैं।

इन क्षत्रिय राजपूतों के अतिरिक्त ब्राह्मण, माहेश्वरी तथा यहाँ तक कि अनुसूचित जाति और जनजातियों को भी श्रावक बनकर जैन समाज की मुख्यधारा में सम्मिलित होने का अवसर मिला। यह न तो बलात् धर्मांतरण था और न ही राजनीतिक हस्तक्षेप, बल्कि नैतिक प्राधिकार और सामाजिक पुनर्मुखीकरण की एक सूक्ष्म एवं दीर्घदर्शी रणनीति थी।

प्रथम दादागुरु श्री जिन दत्तसूरी 


गोत्र-स्थापना: समाज को स्थायित्व देने की व्यवस्था

जिनदत्त सूरी का सबसे दूरगामी योगदान गोत्र-स्थापना प्रणाली रहा। यह केवल वंशावली निर्धारण नहीं था, बल्कि जैन गृहस्थ समाज का एक संगठित संस्थागत पुनर्गठन था। गोत्रों के माध्यम से विवाह-नियम, सामाजिक उत्तरदायित्व, मंदिर-प्रशासन और दान-व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया गया।

इस व्यवस्था ने न केवल सामाजिक अनुशासन को सुदृढ़ किया, बल्कि व्यापारी समुदायों—विशेषतः ओसवाल समाज—को स्थायित्व, पहचान और सामूहिक शक्ति प्रदान की। वर्तमान में श्वेताम्बर जैन समुदाय का एक बड़ा वर्ग इसी गोत्र-परंपरा से संबद्ध है।

साहित्य-रचना के माध्यम से सामाजिक सुधार

दादा जिनदत्त सूरी केवल समाज-सुधारक ही नहीं, बल्कि उच्चकोटि के विद्वान भी थे। उन्होंने संस्कृत, प्राकृत तथा अपभ्रंश जैसी भाषाओं में उत्कृष्ट साहित्य की रचना की। इस साहित्य में जहाँ एक ओर तीर्थंकर परमात्मा की भक्ति-स्वरूप स्तोत्र, धार्मिक कृत्यों एवं अनुष्ठानों से संबंधित ग्रंथ सम्मिलित हैं, वहीं दूसरी ओर सामाजिक एवं संरचनात्मक सुधार से संबद्ध रचनाएँ भी महत्वपूर्ण स्थान रखती हैं। तत्कालीन युग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने ‘हीर-कलश’ जैसे ज्योतिषीय ग्रंथ की भी रचना की।

उस समय अपभ्रंश लोकभाषा के रूप में प्रचलित थी, जबकि विद्वत् समाज प्रायः संस्कृत में ही लेखन को प्राथमिकता देता था। इसके बावजूद, संस्कृत और प्राकृत के उत्कृष्ट विद्वान होते हुए भी आचार्य जिनदत्त सूरी ने लोक-संपर्क और सामाजिक प्रभाव की दृष्टि से अपभ्रंश भाषा में अनेक उच्चकोटि के ग्रंथों की रचना की। ‘चर्चरी-प्रकरण’ तथा ‘उपदेश-रसायन’ जैसे ग्रंथ इसी परंपरा के प्रसिद्ध उदाहरण हैं।

एक दीर्घकालिक विरासत

आचार्य जिनदत्त सूरी की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि उन्होंने आध्यात्मिक अधिकार को सामाजिक संरचना में रूपांतरित किया। उनके द्वारा निर्मित संस्थागत ढाँचे—गोत्र, गृहस्थ नैतिकता, व्यापारिक अनुशासन और सामुदायिक संगठन—सदियों कि यात्रा करते हुए आज भी दृष्टिगोचर होते हैं।

राजस्थान और गुजरात में जैन समाज की संगठित शक्ति, नैतिक व्यापार-परंपरा और सांस्कृतिक स्थिरता के पीछे जिनदत्त सूरी की यह विरासत आज भी स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। वे केवल एक जैन आचार्य नहीं थे, बल्कि मध्यकालीन पश्चिमी भारत के सामाजिक इतिहास के एक मौन, किंतु अत्यंत प्रभावशाली निर्माता थे। देश–विदेश में स्थापित हज़ारों दादाबाड़ियाँ आज भी आचार्य जिनदत्त सूरी की जीवंत विरासत की साक्षी हैं, जहाँ अनवरत प्रवाहित श्रद्धा में हज़ारों भक्त उनके दर्शन कर आत्मिक तृप्ति का अनुभव करते हैं।


Thanks, 
Jyoti Kothari, Proprietor at Vardhaman Gems, Jaipur, represents the centuries-old tradition of Excellence in Gems and Jewelry. He is an adviser at Vardhaman Infotech, a leading IT company in Jaipur. He is also an ISO 9000 professional.

allvoices

कोई टिप्पणी नहीं: